आदित्यपुर : जागृति युवा संघ की काली पूजा: पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने किया भव्य पंडाल और प्रतिमा का अनावरण

आदित्यपुर: आदित्यपुर-2 स्थित जागृति मैदान में जागृति युवा संघ के तत्वावधान में आयोजित भव्य काली पूजा का शुभारंभ विधिवत रूप से हुआ।

संघ के अध्यक्ष शमशेर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपई सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर आकर्षक पूजा पंडाल का उद्घाटन किया तथा मां काली की विशाल एवं अलौकिक प्रतिमा का अनावरण कर क्षेत्रवासियों को पूजा की शुभकामनाएं दीं।

 

समारोह के दौरान पूजा समिति के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आस्था बिल्डर्स के सुंदर सिंह मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद उपस्थित जनसमूह और अतिथियों ने मां काली की आरती में भाग लिया और क्षेत्र की शांति, सौहार्द, समृद्धि तथा खुशहाली की प्रार्थना की। आयोजन समिति के अध्यक्ष शमशेर सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व जिला मंत्री मनोज तिवारी, समाजसेवी बबलू नाथ सोरेन, वरीय आप्त सचिव चंचल गोस्वामी, ब्रह्मानंद झा, स्वप्निल सिंह, पंकज सिंह, निरंजन मिश्रा, ललन शुक्ला, संतोष मंडल, राजेश चौधरी, अजय मिश्रा, बैजू यादव और शैलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *