Jamshedpur (जमशेदपुर( : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले के विभिन्न छठ घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहने, श्रद्धालुओं की सहायता करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
मोटरसाइकिल दस्ते और ड्रोन से रखी जा रही नजर
छठ घाटों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मोटरसाइकिल पुलिस दस्तों को लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखना और संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकना है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रतिनियुक्त जवानों को सतर्क रहने को कहा गया है।
जिला पुलिस ने छठ महापर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की हैं।







