आदित्यपुर में गरमाया एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान विवाद, बाउंड्री वॉल व पक्के निर्माण के विरोध में उतरे सैकड़ों लोग

मंगलवार की वार्ड सभा को पूर्व पार्षद व पूजा कमेटी ने बताया ‘पर्सनल सभा’, फैसला वापस न लेने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

आदित्यपुर (Adityapur):। नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण के नाम पर मंगलवार को हुई वार्ड सभा में पारित 10 प्रस्तावों ने कॉलोनी की सियासत गरमा दी है।

मैदान के पूर्वी छोर पर 10 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल, ओपन जिम, कोर्ट और अन्य पक्के निर्माण के फैसले के खिलाफ बुधवार को श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी (सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब) और सैकड़ों स्थानीय निवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और इन प्रस्तावों को सिरे से खारिज कर दिया।

दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष बबलू सिंह ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि छठ महापर्व के कारण कॉलोनी के अधिकांश परिवार बाहर गए हुए थे। जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 12 नवंबर को महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 17 नवंबर की सभा स्थगित करने का आग्रह किया गया था, जिस पर सकारात्मक आश्वासन भी मिला था। इसके बावजूद गुपचुप तरीके से महज 50 लोगों की मौजूदगी में प्रस्ताव पारित कर लिए गए। उन्होंने दो टूक कहा कि वे मैदान में घास और लाइटिंग के पक्षधर हैं, लेकिन बाउंड्री वॉल या किसी भी तरह का पक्का निर्माण बर्दाश्त नहीं करेंगे।

वहीं, स्थानीय निवासी राणा सिंह ने मॉल की गाड़ियां पार्क होने के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि मैदान किनारे केवल कॉलोनीवासियों के वाहन ही खड़े होते हैं। बाउंड्री बनने से मैदान का दायरा सिमट जाएगा।

पूर्व पार्षद सुधीर सिंह ने इस बैठक को ‘पर्सनल सभा’ करार देते हुए तत्काल रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 4,500 से अधिक मतदाताओं वाले वार्ड में 10 प्रतिशत लोगों की भी उपस्थिति नहीं थी। यह शहर की भव्य दुर्गा पूजा और सामाजिक आयोजनों को प्रभावित करने की साजिश है।

कॉलोनीवासियों ने ऐलान किया कि 25 नवंबर के बाद पुनः आम सभा बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *