Jamshedpur: मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर महिला से ठगी, बच्ची से अश्लील हरकत का आरोप; ब्लैकमेल कर मांगी मोटी रकम

असम की महिला ने जमशेदपुर एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार, निजी तस्वीरें रिश्तेदारों को भेजने और अपहरण की धमकी देने का आरोप

जमशेदपुर: मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर शादी का रिश्ता तय करने के बहाने एक महिला को धोखे में रखने, उसकी नाबालिग बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने और बाद में ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलने की कोशिश का मामला सामने आया है। असम के गुवाहाटी की रहने वाली ममता राय ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपकर अमित विश्वकर्मा, उसकी मां अनिता देवी और पत्नी पूजा शर्मा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से अमित विश्वकर्मा ने उन्हें शादी का प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद वह असम स्थित उनके घर पहुंचा और परिवार के सामने शादी की बात रखी। आरोप है कि अमित ने खुद को विधुर बताते हुए कहा था कि उसकी पत्नी और बच्चे की मौत हो चुकी है। उसकी मां अनिता देवी ने भी फोन पर इस दावे की पुष्टि की थी। आरोपी की ओर से कुछ दस्तावेज भी भेजे गए थे, लेकिन जांच में वे कथित तौर पर फर्जी पाए गए।

ममता राय का आरोप है कि बाद में उन्हें पता चला कि अमित की पत्नी पूजा शर्मा और बच्चा जीवित हैं। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी ने भी कथित तौर पर खुद को मृत बताने के झूठे दावे में सहयोग किया था। इसी दौरान पीड़िता की नाबालिग बच्ची ने अमित पर गलत तरीके से छूने और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया।

मामले की सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़िता जमशेदपुर पहुंचीं तो आरोपी और उसके परिवार के सदस्य फरार मिले। इसके बाद उन्होंने आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला असम के गुवाहाटी स्थित पटासिल आमबाड़ी थाने को भेज दिया था।

पीड़िता के मुताबिक, वारंट जारी होने के बाद असम पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आदित्यपुर पहुंची, लेकिन वह परिवार समेत फरार मिला। बाद में मामले में चार्जशीट दाखिल हुई। दोबारा वारंट जारी होने पर आरोपी ने जमानत के लिए याचिका दायर की। इस दौरान उसके परिवार की ओर से माफीनामा भी दिया गया था।

ममता राय का आरोप है कि माफीनामे के बावजूद आरोपियों का रवैया नहीं बदला। उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से अभद्र संदेश भेजकर परेशान किया जाने लगा और जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया। साथ ही बड़ी रकम की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर अपहरण करने और निजी जानकारी व तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।

पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने उनकी निजी तस्वीरें रिश्तेदारों को भी भेज दीं। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उन्होंने 19 नवंबर को बिष्टुपुर थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

अब पीड़िता ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी इसी तरह दूसरे राज्यों की महिलाओं को भी अपने जाल में फंसा सकता है। पीड़िता ने दोषियों को सजा दिलाने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *