तेज बहाव के बीच ब्रिज के पिलर के पास फंसी युवती को लाइफ जैकेट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया; रेस्क्यू में शामिल लोगों को सम्मानित करेगी पुलिस
आदित्यपुर : शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आदित्यपुर स्थित खरकई नदी के छोटे पुल से एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। इस घटना के बाद पुल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बारिश के कारण खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव काफी तेज है। युवती को नदी में कूदते देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए साहस और तत्परता का परिचय दिया। स्थानीय युवकों और महिला गोताखोरों ने पानी में उतरकर युवती को डूबने से बचा लिया और उसे तेज धार से निकालकर पुल के नीचे गहरे पानी के किनारे एक पिलर के पास सुरक्षित रोक लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार दल-बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। नदी के तेज बहाव को देखते हुए युवती को ऊपर लाना चुनौतीपूर्ण था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत लाइफ जैकेट मंगवाई। लाइफ जैकेट और रस्सी की मदद से पुलिस जवानों और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवती को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।
इस पूरे बचाव अभियान में स्थानीय नागरिकों और गोताखोरों की भूमिका बेहद सराहनीय रही। युवती के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने स्थानीय लोगों के जज्बे की प्रशंसा करते हुए घोषणा की कि युवती की जान बचाने वाले सभी स्थानीय नागरिकों और गोताखोरों को पुलिस प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। फिलहाल पुलिस युवती से पूछताछ कर छलांग लगाने के कारणों का पता लगा रही है।








