उपाध्यक्ष पद के लिए कुसुम केराई ने खरीदा नामांकन पर्चा, 28-29 नवंबर को होगा महाधिवेशन एवं चुनाव
Chaibasa (चाईबासा) : आदिवासी हो समाज महासभा के महाधिवेशन एवं आम चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न पदों के लिए दावेदार सामने आने लगे हैं। अध्यक्ष पद के लिए विजय सुंबरुई ने अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए कुसुम केराई ने नामांकन पर्चा खरीदा है।

http://चाईबासा : आदिवासी हो समाज महासभा के महाधिवेशन मेंलिए गए समाज हित में कई अहम निर्णय
विजय सुंबरुई ने हरिगुटू स्थित आदिवासी हो समाज महासभा के चुनाव कार्यालय में चुनाव पदाधिकारी सनातन बिरुवा एवं सोमा कोड़ा के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र जमा किया। उन्होंने निर्धारित चुनावी शुल्क भी अदा किया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव पदाधिकारियों ने उनका आवेदन स्वीकार कर लिया।

विजय सुंबरुई सदर प्रखंड के करकट्टा गांव के मूल निवासी हैं और पेशे से सामाजिक कार्यकर्ता हैं। नामांकन के दौरान उनके साथ कवि बागुन बोदरा, सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर बुड़ीउली, ब्लास्टर केराई समेत अन्य लोग मौजूद थे।
वहीं, जगन्नाथपुर प्रखंड के बासीरा गांव निवासी 52 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता कुसुम केराई ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर्चा खरीदा है। उन्होंने बताया कि वह महासभा के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
महासभा के आम चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कराया जाएगा। चुनाव में गुप्त मतदान प्रणाली अपनी जाएगी। मतदान का अधिकार महासभा के पंजीकृत आजीवन सदस्यों और साधारण सदस्यों को प्राप्त होगा। चुनाव पदाधिकारी पूरी प्रक्रिया का संचालन एवं निगरानी करेंगे।

आदिवासी हो समाज महासभा का चुनाव प्रत्येक तीन वर्ष में आयोजित होता है। इस बार महासभा का महाधिवेशन 28 और 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसी दौरान आम चुनाव भी संपन्न कराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही महासभा के विभिन्न पदों पर चुनावी मुकाबले को लेकर समाज में चर्चा तेज हो गई है।







