मजदूरों के हितों के प्रति गंभीर हैं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान
जमशेदपुर: स्वर्गीय रामविलास पासवान के करीबी सहयोगी रहे एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) मजदूर प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव श्रीकांत पासवान का रविवार को धनबाद से जमशेदपुर आगमन हुआ। वे अपने निजी पारिवारिक कार्य के सिलसिले में अपने छोटे भाई एवं टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद के आवास पर पहुंचे थे।

उनके जमशेदपुर आगमन की सूचना पर लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने साकची में उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष रवि चौरसिया सहित पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल रहे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव श्रीकांत पासवान ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के हृदय में मजदूरों के लिए विशेष स्थान है। वे श्रमिकों से जुड़े हर मुद्दे और कार्य को अत्यंत गंभीरता से लेते हैं तथा पार्टी के मजदूर प्रकोष्ठ पर उनका विशेष ध्यान रहता है।
उन्होंने प्रदेश सचिव मनोज पासवान के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए पुराने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि मनोज पासवान के दादा एवं दलित सेना के संस्थापक सदस्य व पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रहे स्वर्गीय राम विनय पासवान उनके वरिष्ठ साथी थे। आज उन्हीं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए मनोज पासवान तीसरी पीढ़ी के रूप में कोल्हान प्रमंडल में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित हैं। उनके समर्पण को देखते हुए प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर के नेता और स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान उन्हें विशेष स्नेह व सम्मान देते हैं।








