15 दिनों में कचरा उठाव नहीं होने और वार्ड-17 में पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी, गेल गैस के कनेक्शन शुल्क को सार्वजनिक करने की मांग
आदित्यपुर : जनकल्याण मोर्चा एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की एक संयुक्त बैठक 22 नवंबर 2026 को रोड नंबर 32, आदित्यपुर-2 स्थित कार्यालय में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं संघ के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता दीपेंद्र नाथ ओझा ने किया। बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर पांच प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर और चौक-चौराहों से कचरा उठाव ठप होने से नारकीय स्थिति बन गई है। प्रशासन 15 दिनों के भीतर सभी वार्डों से कचरा निष्पादन सुनिश्चित करे और निगम कार्यालय के समीप कल्पनापुरी से कचरे का ढेर तुरंत हटाए। पेयजल संकट पर चिंता जताते हुए कहा गया कि सापड़ा स्थित 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को वन विभाग से समय पर क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण दिसंबर तक जलापूर्ति असंभव दिख रही है। अतः नगर निगम एक माह के भीतर सीतारामपुर से पाइपलाइन के जरिए वार्ड नंबर 17 में तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करे।
यातायात दबाव को देखते हुए नवंबर 2027 में टोल अवधि समाप्त होने से पूर्व आदित्यपुर-कांडरा स्टेट हाईवे पर अविलंब फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की मांग की गई, ताकि आम जनता को जाम और उद्योगों को नो-एंट्री से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त, स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के सीमित जल को पेयजल हेतु सुरक्षित रखने के लिए कोल्हान आयुक्त एवं तीनों उपायुक्तों से किसी भी नए या पुराने उद्योग के जल-आधारित विस्तार पर रोक लगाने की मांग की गई। वहीं, गेल (GAIL) द्वारा गैस कनेक्शन के नाम पर 8 से 9 हजार रुपये तक की कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने और निर्धारित शुल्क सार्वजनिक करने की मांग उठाई गई।
बैठक में संरक्षक व उपाध्यक्ष सुनील कुमार स्वाईं, संरक्षक श्रीमती रंजना मिश्रा, महासचिव रवि शंकर पासवान, अधिवक्ता आशुतोष कुमार, मंजू कुमारी, समरेंद्र नाथ तिवारी, अनिल कुमार सिंह, विनोद कुमार ठाकुर, ऋषिकांत, पीयूष खंडेलवाल, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवी, उपाध्यक्ष श्रीमती लिली दास, वार्ड 17 की पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा, पूर्व पार्षद मनोरमा देवी, मदन सिंह, पर्यावरणविद् अभियंता अमरेश कुमार, लक्ष्मण प्रसाद, अशोक कुमार, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, महेंद्र प्रसाद, शेखर तिवारी, मनोज कुमार झा, सुशांत सरकार और संजय कुमार राम सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।








