150 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी, इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन और कोलकाता के बीपी पोद्दार इंस्टीट्यूट के साथ एमओयू; आज बॉलीवुड गायिका अकासा की होगी लाइव परफॉर्मेंस
गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां): अरका जैन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘टेक्निका 6.0’ का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गम्हरिया स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस महोत्सव में देशभर के 150 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘अविन्या: अचीविंग हार्मनी थ्रू इनोवेशन’ रखी गई है।
उद्घाटन समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘डॉ. रॉयचंद चेनराज सेंटर ऑफ इनोवेशन, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप’ का उद्घाटन रहा। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को नए विचारों को विकसित करने, स्टार्टअप शुरू करने और नवाचार आधारित समाधान तैयार करने का अवसर मिलेगा। वहीं, शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने कोलकाता के बीपी पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम में टाटा मोटर्स, इंडो डेनिश टूल रूम, अल-कबीर पॉलिटेक्निक और बीपी पोद्दार इंस्टीट्यूट समेत शिक्षा एवं उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी, चेयरपर्सन डॉ. एसएस रज़ी, रजिस्ट्रार डॉ. अमित श्रीवास्तव और टेक्निका संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार उपस्थित रहे।
महोत्सव में बीआईटी मेसरा, एमिटी यूनिवर्सिटी, आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, डीएवी पब्लिक स्कूल और मौलाना अबुल कलाम आजाद यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आरएसबी ट्रांसमिशन, रामकृष्ण फोर्जिंग्स, लार्सन एंड टुब्रो, जेडएफ और बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज जैसी कंपनियों की भागीदारी से विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है।
टेक्निका 6.0 का समापन शनिवार, 21 नवंबर को होगा। समापन समारोह की शाम बॉलीवुड की मशहूर गायिका अकासा के नाम रहेगी। वह शाम 6:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर में लाइव परफॉर्मेंस देंगी।
टेक्निका के संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार ने कहा कि ‘अविन्या’ थीम तकनीक, रचनात्मकता, स्थिरता और मानवीय मूल्यों के समन्वय का संदेश देती है। यह महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचार साझा करने और उद्योग जगत से सीधे जुड़ने का मंच प्रदान कर रहा है।








