बीडीओ के 25 नवंबर को बैठक बुलाने के निर्देश पर ग्राम प्रधान ने सौंपा कड़ा जवाबी पत्र, कहा- 2023 में खारिज प्रस्ताव को दोबारा थोपना पेसा कानून और पांचवीं अनुसूची का सीधा उल्लंघन।
गम्हरिया। गम्हरिया प्रखंड की दुग्धा पंचायत अंतर्गत खूंचीडीह ग्राम सभा और प्रखंड प्रशासन के बीच खरकई बराज परियोजना के तहत ‘लिफ्ट अफ्लक्स बंड’ निर्माण को लेकर सीधा टकराव शुरू हो गया है।
खरकई नदी घाट पर झारखंड क्षत्रिय युवा संघ के सेवा शिविर का विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन
ग्राम सभा ने प्रशासन पर संवैधानिक अधिकारों के हनन का गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि पूर्व में खारिज किए गए प्रस्ताव को जबरन दोबारा थोपा गया, तो वे न्याय के लिए उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

इस विवाद की शुरुआत गम्हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) द्वारा 18 नवंबर 2026 को जारी पत्रांक 1389 से हुई। कार्यपालक अभियंता, खरकई नहर प्रमंडल (आदित्यपुर) के पत्र का हवाला देते हुए बीडीओ ने खूंचीडीह के ग्राम प्रधान को निर्देश दिया था कि परियोजना हेतु सरकारी भूमि पर कार्य शुरू करने और रैयती भूमि के अधिग्रहण के लिए आगामी 25 नवंबर को सुबह 11 बजे ग्राम सभा आयोजित की जाए।
प्रशासन के इस आदेश के खिलाफ खूंचीडीह ग्राम प्रधान बीरबल माझी ने 23 नवंबर 2026 को बीडीओ को एक सख्त ‘पुनः स्मरण पत्र’ सौंपा है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग के इस प्रस्ताव पर 29 अक्टूबर 2023 की ग्राम सभा बैठक में पहले ही विस्तृत चर्चा हो चुकी है। उस बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से इस परियोजना प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया था।
ग्राम सभा का कहना है कि एक बार खारिज हो चुके प्रस्ताव को प्रशासनिक दबाव में पुनः लाना ग्राम सभा की सर्वोच्चता की सीधा अवहेलना है। यह भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243, 244(1), पांचवीं अनुसूची और पेसा (PESA) कानून का खुला उल्लंघन है। ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम सभा के पुराने निर्णय का सम्मान करते हुए इस प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ न्यायालय में संवैधानिक उल्लंघन का मामला दर्ज कराया जाएगा। इस विरोध के दौरान ग्राम प्रधान सह माझी बाबा बीरधान माझी और संग्राम मार्डी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।







