जमीन मालिकों के विरोध पर विवाद बढ़ने का आरोप, ग्रामीणों का दावा—फायरिंग के बाद भी नदी से बालू उठाव जारी
Jamshedpur (जमशेदपुर) : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदोंडीह गांव में अवैध बालू उठाव को लेकर विवाद बढ़ने और हवाई फायरिंग किए जाने की चर्चा से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू उठाव का विरोध करने पर विवाद बढ़ा और इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई। हालांकि, राजनगर थाना प्रभारी ने गोली चलने की घटना से साफ इनकार किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदोंडीह क्षेत्र में लंबे समय से नदी से अवैध बालू उठाव किया जा रहा है। जमीन मालिकों द्वारा बालू उठाव का विरोध करने पर विवाद बढ़ने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि विवाद के दौरान हवाई फायरिंग की गई, जिसके बाद गांव में भय का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध बालू कारोबार में मदन मोहन, राजेश महतो एवं उमेश लोहार सहित कुछ लोग लंबे समय से संलिप्त हैं। विरोध करने वाले ग्रामीणों एवं जमीन मालिकों को कथित तौर पर धमकी दी जाती है। कुछ स्थानीय लोगों ने अवैध बालू कारोबार को लेकर थाना स्तर पर कथित लेन-देन के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को लेकर राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार ने टेलीफोन पर बताया कि गोली चलने की कोई घटना पुलिस के संज्ञान में नहीं आई है। उन्होंने कहा कि वह संबंधित क्षेत्र में गए थे, लेकिन अब तक किसी ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। थाना प्रभारी ने घटना होने से साफ इनकार किया है।
वहीं ग्रामीणों का दावा है कि विवाद शांत होने के बाद बंदोंडीह नदी से प्रतिदिन की तरह अवैध बालू उठाव फिर शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, अवैध बालू उठाव पर रोक तथा क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







