जेवियर इंग्लिश स्कूल, कीताडीह में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, छात्रों ने प्रस्तुत किए नवाचार से भरपूर मॉडल

जमशेदपुर। जेवियर इंग्लिश स्कूल, कीताडीह में विज्ञान प्रदर्शनी (साइंस एग्जीबिशन) का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने विज्ञान आधारित रचनात्मक सोच और नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज तथा भाजपा नेता संदीप शर्मा बॉबी ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार क्षमता एवं प्रस्तुति शैली की सराहना की। प्रदर्शनी में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्मार्ट सिटी, ज्वालामुखी, टाटा स्टील प्लांट, बायोगैस प्लांट, किडनी एवं हार्ट सिस्टम जैसे कई ज्ञानवर्धक और आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने सरल एवं प्रभावी तरीके से विज्ञान की उपयोगिता और उसके सामाजिक महत्व को समझाया।

प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, विद्यालय सचिव रमन झा एवं विद्यालय की प्राचार्या अंकिता तिवारी द्वारा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय सचिव रमन झा ने पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता को मोमेंटो तथा विद्यार्थियों द्वारा हस्तनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रदर्शनी में उपस्थित अभिभावकों एवं अन्य अतिथियों ने छात्रों की प्रतिभा, मेहनत और वैज्ञानिक सोच की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की उप-प्राचार्या सुमन शर्मा के साथ-साथ रजनी शर्मा, स्वाति सिंह, आकांक्षा दुबे, हिमांशु भारद्वाज, जितेंद्र दुबे, विकास, करण, अलका प्रीति, श्रुति, पिंकी, खुशबू, पूनम, रानी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *