आदित्यपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में नए शैक्षणिक सत्र (2026 बैच) के विद्यार्थियों के लिए भव्य ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
मीडिया और विद्यार्थियों से मुखातिब होते हुए मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने कहा कि एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में आकर युवा शक्ति से संवाद करना उनके लिए बेहद गौरव का क्षण है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्र सेवा का दायरा केवल सेना में भर्ती होने तक सीमित नहीं है। युवा इंजीनियर रिसर्च, इनोवेशन और तकनीकी कौशल के जरिए देश के हर क्षेत्र में रहकर अपना अद्वितीय योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, आज के युवा केवल हमारा भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी इसी पीढ़ी के कंधों पर है। भारतीय प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि आज दुनिया की शीर्ष आईटी कंपनियों का नेतृत्व भारतीय कर रहे हैं, जो हमारी तकनीकी और शैक्षणिक क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

आधुनिक युद्धकला और तकनीकी बदलावों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि भारतीय सेना अब शिक्षा जगत और उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर नई तकनीकों पर तेजी से काम कर रही है। तकनीक-आधारित युग में ऐसे प्रमुख संस्थानों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और नए विद्यार्थियों को नवाचार के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में संस्थान के डीन, प्राध्यापकगण और भारी संख्या में नए छात्र मौजूद रहे।








