Adityapur Criminals arrest: लूट व हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार, नगदी बरामद

Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र में लूट और जानलेवा हमले के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया मोबाइल, नकद रुपये और वारदात में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पीड़ित जयराम महतो, निवासी शर्मा बस्ती, आदित्यपुर, 13 मार्च को रेलवे लाइन के पास मुस्लिम बस्ती में दिन के करीब 3 बजे दो अज्ञात युवकों के हमले का शिकार हुआ। आरोपितों ने चापड़ और पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा पॉकेट से 2,300 रुपये और वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। इसके अलावा, अन्य राहगीरों को भी लूटने का प्रयास किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आदित्यपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों शेख रहमत अली उर्फ मिलू और शाहिद हुसैन उर्फ नेंगड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चापड़ (हमले में प्रयुक्त हथियार), लूटा गया वीवो मोबाइल फोन तथा नकद 1,000 रुपये बरामद किया है। छापामारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, एसआई संतोष कुमार सेन, एसआई सुरेश राम, आरक्षी देवदास महतो तथा सशस्त्र बल शामिल थे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!