Adityapur: नगर निगम चुनावों की घोषणा से पूर्व ही वार्ड संख्या 17 में चुनावी बिसात बिछने लगी है। क्षेत्र के सम्मानित समाजसेवी, काली मंदिर के पूर्व अध्यक्ष और दुर्गा पूजा समिति के वरिष्ठ सदस्य इंजीनियर बीरेंद्र कुमार को पार्षद पद के उम्मीदवार के रूप में उतारने के लिए वार्ड वासियों ने कमर कस ली है।
उनके मृदुभाषी स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में उनके प्रति व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। वार्ड संख्या 17 के अनारक्षित होने के बाद अब स्थानीय नागरिकों की यह प्रबल इच्छा है कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कोई शिक्षित और अनुभवी व्यक्ति करे।
इसी क्रम में वार्ड स्तर पर अब तक दर्जनों बैठकें संपन्न हो चुकी हैं, जिनमें विभिन्न पूजा समितियों, महिला संगठनों और युवा मोर्चा के सदस्यों ने बीरेंद्र कुमार के नाम पर अपनी सर्वसम्मत मुहर लगाई है। जनभावनाओं और नागरिकों के निरंतर दबाव को देखते हुए बीरेंद्र कुमार ने भी चुनाव मैदान में उतरने के सकारात्मक संकेत दिए हैं। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि बीरेंद्र कुमार के पास न केवल सामाजिक अनुभव है, बल्कि एक इंजीनियर होने के नाते वे वार्ड की बुनियादी समस्याओं जैसे जल निकासी, सड़कों की स्थिति और स्ट्रीट लाइट के मुद्दों को तकनीकी रूप से बेहतर ढंग से हल कर सकते हैं। खरमास के बाद वार्ड के समस्त प्रमुख संगठनों की एक निर्णायक बैठक बुलाई गई है, जिसमें उनके नाम की औपचारिक घोषणा होने की प्रबल संभावना है।








