Adityapur: सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा, आदित्यपुर ने पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के उस निर्णय का स्वागत किया है, जिसमें पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के आदित्यपुर परिसर में स्थित आदित्यपुर प्रमंडल और जमशेदपुर प्रमंडल को पूर्वी सिंहभूम जिला के अपने कार्य क्षेत्र में ले जाने का निर्णय लिया गया है. क्योंकि दोनों प्रमंडल का कार्यालय तो आदित्यपुर में है. परन्तु उनका संपूर्ण कार्य क्षेत्र पूर्वी सिंहभूम जिला में है.

मोर्चा को प्रसन्नता है कि सरकार ने इस पर संज्ञान लिया है एवं अब उक्त भूखंड खाली होकर आदित्यपुर की जनता के काम आएगा.मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश ने बताया कि मोर्चा द्वारा एक मार्च-2025 को पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों को ज्ञापन देकर उक्त माँग की गई थी. हालाँकि अभी भी आदित्यपुर स्थित परिसर में विभाग का दो कार्यालय (यांत्रिकी प्रमंडल और जमशेदपुर अंचल) मौजूद है, जिनका कार्य क्षेत्र भी पूर्वी सिंहभूम जिला हीं है. उन्होंने यांत्रिकी प्रमंडल और जमशेदपुर अंचल कार्यालय को भी आदित्यपुर से हटाकर उनके कार्य क्षेत्र पूर्वी सिंहभूम जिला में ले जाने की मांग की है.
आदित्यपुर परिसर की 8.30 एकड़ भूमि नगर निगम को सौंपने की माँग।जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ने वर्तमान विभागीय (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) परिसर की 8.30 एकड़ भूमि सरायकेला-खरसावाँ जिला प्रशासन के माध्यम से आदित्यपुर नगर निगम को सौंपने की मांग भी की, ताकि जनहित में उक्त भूखंड पर बड़ा टाऊन हॉल अथवा जरुरत की अन्य चीजों का निर्माण हो सके. उल्लेखनीय है कि इस संबंध में 12 फरवरी-2022 को जन कल्याण मोर्चा द्वारा राज्य के मुख्य सचिव, पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त एवं संबंधित विभाग को पत्र लिखकर इन कार्यालय को हटाने की माँग की गई थी, जिनका अब आदित्यपुर में कोई औचित्य नहीं है. विदित हो कि पहले विभाग के आदित्यपुर प्रमंडल द्वारा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सीतारामपुर डैम से आदित्यपुर पी. एच. ई. डी. प्रमंडल द्वारा सम्पूर्ण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र, शास्त्रीनगर, जुगसलाई, बागबेड़ा आदि क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति की जाती थी. परन्तु अब संपूर्ण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र एवं आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में आदित्यपुर नगर निगम द्वारा जलापूर्ति की जाती है. और अब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ) का कार्य क्षेत्र सिर्फ पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ही है.