आदित्यपुर : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक यात्री की जान चली गई। मृतक की पहचान आदित्यपुर के आशियाना आदित्य निवासी आलोक सरकार के रूप में हुई है।
Adityapur station train halt:आदित्यपुर स्टेशन पर बिहारगामी ट्रेनों के ठहराव की माँग तेज़, छठ पूजा से पहले ट्रेन ठहराव की माँग रेल मंत्रालय से की अपील
कैसे हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, आलोक सरकार गुरुवार शाम लगभग 7:30 बजे जनशताब्दी एक्सप्रेस से नोआमुंडी से वापस लौट रहे थे। जैसे ही ट्रेन आदित्यपुर स्टेशन पहुंची, उतरने के क्रम में उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर सीधे रेलवे ट्रैक के बीच फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि उनका पैर शरीर से अलग हो गया और सिर में गंभीर चोट आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे प्रशासन ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्टेशन प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।








