पुरेंद्र नारायण सिंह बोले— “24×7 तत्पर है समिति, प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर करेंगे काम”
आदित्यपुर: आदित्यपुर में दुर्गा पूजा महासप्तमी के अवसर पर शनिवार देर रात सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी आदित्यपुर पहुंचे और जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए विशेष वॉच टावर पर पहुंचकर दुर्गा पूजा की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा का गहन जायजा लिया।

आदित्यपुर में एसडीपीओ सीओ व थाना प्रभारी ने दुर्गा पूजा वॉच टावर का किया उद्घाटन

इस मौके पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने मंच पर पुष्पगुच्छ देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया। निरीक्षण के दौरान एसपी के साथ सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार, ट्रैफिक प्रभारी राजू, पुलिस निरीक्षक राजेश सिंह और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा मंच पर समाज विज्ञानी रवींद्र नाथ चौबे, रिटायर्ड डीएसपी सरयू पासवान, देव प्रकाश देवता सहित शांति समिति के तमाम गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।

शांति समिति की सेवा भावना प्रशंसनीय: एसपी
वॉच टावर पर उपस्थित समिति सदस्यों और पुलिस बल को संबोधित करते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि शांति समिति के सदस्य 24 घंटे तत्पर रहकर सेवा भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो बेहद सराहनीय है। मीडिया से मुखातिब होते हुए एसपी ने बताया कि पूजा पंडालों व संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। महिला सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महाअष्टमी पर उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा: पुरेंद्र नारायण सिंह
आदित्यपुर नगर परिषद पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि कर्मठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति से समिति के सदस्यों का मनोबल काफी बढ़ा है और वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने एसपी को विश्वास दिलाया कि शांति समिति का हर सदस्य 24×7 पूरी निष्ठा के साथ मुस्तैद रहेगा और जिला व पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएगा।







