Ranchi (रांची) : राष्ट्रीय जनता दल (राजद), झारखंड प्रदेश ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से सत्र 2025–2028 के लिए जिला प्रभारियों की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
इस पुनर्गठन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और जाने-माने शिक्षाविद श्रीराम यादव को धनबाद जिले का संगठन प्रभारी मनोनीत किया गया है।
हुसैनाबाद के विधायक सह राजद झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव के अनुमोदन के बाद यह सूची जारी की गई। कोल्हान क्षेत्र में यादव समन्वय समिति के महासचिव के रूप में सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले श्रीराम यादव को धनबाद की जिम्मेदारी मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है।
इस मनोनयन पर राष्ट्रीय जनता दल के कोल्हान परिवार ने श्रीराम यादव को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक प्रबुद्ध, निष्ठावान और जनसरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व को धनबाद की कमान सौंपना नेतृत्व का सराहनीय निर्णय है। इससे कोयलांचल क्षेत्र में न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं और बुद्धिजीवियों का जुड़ाव भी राजद से तेजी से बढ़ेगा।
नवनियुक्त जिला प्रभारी श्रीराम यादव ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे पार्टी की नीतियों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य पूरी निष्ठा से करेंगे।







