युवा नेतृत्व और विकास के संकल्प के साथ चुनावी रण में, मतदाताओं का मिल रहा समर्थन
Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की आहट के साथ ही वार्ड संख्या 19 में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुँच गई है। इस बार वार्ड 19 से पार्षद पद के लिए युवा, ऊर्जावान और जुझारू उम्मीदवार अजित कुमार सिंह ने अपनी दावेदारी पूरी मजबूती के साथ पेश की है। अजित ने अपने चुनाव चिन्ह ‘बेबी वॉकर’ के साथ प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है।
जनसंपर्क अभियान शुरू
अजित कुमार सिंह ने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर मतदाताओं से आशीर्वाद लेना शुरू कर दिया है। जनसंपर्क के दौरान वे न केवल अपनी प्राथमिकताओं को जनता के सामने रख रहे हैं, बल्कि स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का भरोसा भी दिला रहे हैं। युवाओं और बुजुर्गों के बीच उनकी सक्रियता ने चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है।

अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प
अजित कुमार सिंह का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड 19 को एक आदर्श वार्ड बनाना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा:।जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करना मेरी प्राथमिकता है। नाली, सड़क और साफ-सफाई जैसे बुनियादी मुद्दों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना ही मेरा लक्ष्य है।”
बेबी वॉकर बना पहचान
चुनाव चिन्ह के रूप में ‘बेबी वॉकर’ मिलने के बाद समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अजित कुमार सिंह का मानना है कि जिस प्रकार बेबी वॉकर बच्चे के शुरुआती कदमों का सहारा बनता है, उसी तरह वे भी वार्ड के विकास के लिए पहले मजबूत कदम के रूप में काम करेंगे।








