आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर और वार्ड संख्या 17 के प्रत्याशी अमित सिंह बॉबी ने गुरुवार शाम क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक भव्य ‘सम्मान समारोह’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में वार्ड के गणमान्य और बुजुर्गों को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अमित सिंह ने वार्ड की जनता के समक्ष अपनी भावी योजनाओं का खाका पेश किया और विपक्षियों के आरोपों का जवाब दिया।

विकास कार्यों का साझा किया रिपोर्ट कार्ड
अमित सिंह ने लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि वे वार्ड 17 की जनता की विशेष मांग पर यहाँ से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल को याद करते हुए कहा, “डिप्टी मेयर रहते हुए मैंने सभी 35 वार्डों में समान रूप से विकास किया है। मैं यहाँ प्रत्याशी बनकर नहीं, बल्कि एक जनसेवक के रूप में दोबारा आशीर्वाद लेने आया हूँ।”
’बाहरी’ के मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया
स्वयं को बाहरी बताए जाने के आरोपों पर अमित सिंह ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वार्ड 17 की गली-गली में लगी योजनाओं के शिलालेखों पर उनका नाम अंकित है, जो इस बात का प्रमाण है कि पिछले 5 वर्षों में उन्होंने क्षेत्र के लिए कितना काम किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी जड़ें और उनके द्वारा किए गए कार्य यहीं की मिट्टी से जुड़े हैं।
जल संकट के लिए राज्य सरकार को ठहराया जिम्मेदार
वार्ड में व्याप्त पेयजल संकट और अधूरी पाइपलाइन योजना पर बोलते हुए पूर्व डिप्टी मेयर ने वर्तमान राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की उदासीनता के कारण जलापूर्ति योजना में देरी हुई है। उन्होंने संकल्प लिया कि चुनाव जीतने के बाद स्थाई कार्यालय खोला जाएगा और सभी मूलभूत सुविधाओं को बहाल करना उनकी प्राथमिकता होगी।
जमशेदपुर से भी पहुंचे समर्थक
इस समारोह में केवल वार्ड 17 के ही नहीं, बल्कि आदित्यपुर के विभिन्न क्षेत्रों और जमशेदपुर के कई गणमान्य व्यक्ति अमित सिंह को समर्थन देने पहुंचे। कार्यक्रम का समापन ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया।








