चाईबासा। तांतनगर प्रखंड के पासुबेड़ा गांव की प्रतिभाशाली तीरंदाज अप्रैल पुरती ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर पर तीरंदाजी में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी अप्रैल का खेल कोटे के अंतर्गत असम राइफल्स में चयन हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार, प्रशिक्षक, साथी खिलाड़ियों तथा पश्चिमी सिंहभूम के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
अप्रैल ने सितंबर 2021 में तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्रारंभ किया था। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया। गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ उनका सफर सिकुरसाई स्थित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र से होते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
अप्रैल पुरती ने 43वीं एनटीपीसी जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप-2023, भरतपुर (राजस्थान) में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने यूनिवर्सिटी नेशनल गेम्स-2024, भुवनेश्वर तथा यूनिवर्सिटी नेशनल गेम्स-2025, भटिंडा में भी भाग लिया। कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से लगातार दो बार यूनिवर्सिटी नेशनल गेम्स में उनकी भागीदारी ने उनकी प्रतिभा और निरंतर प्रगति को प्रमाणित किया है।
प्रशिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान
अप्रैल की सफलता में उनके प्रशिक्षक महर्षि महेंद्र सिंकु की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अप्रैल की प्रतिभा को पहचाना और उनके बेहतर प्रशिक्षण हेतु अपने निजी व्यय से उन्हें इंडियन राउंड धनुष उपलब्ध कराया।
यह धनुष अप्रैल के लिए केवल एक खेल उपकरण नहीं, बल्कि उनके प्रशिक्षक के विश्वास और मार्गदर्शन का प्रतीक बन गया। अप्रैल ने भी निरंतर परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से उस विश्वास को सार्थक सिद्ध किया।
प्रशिक्षक महर्षि महेंद्र सिंकु ने अप्रैल के असम राइफल्स में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और सतत अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अप्रैल नई जिम्मेदारियों के साथ आगे भी तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगी तथा जिला एवं राज्य का नाम रोशन करेंगी।
खेल पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
अप्रैल पुरती के चयन पर जिला तीरंदाजी संघ, पश्चिमी सिंहभूम के अध्यक्ष सिद्धार्थ पड़ेया, संयुक्त सचिव सुभाष जोंको, कोषाध्यक्ष सुमित बलमुचू, बीर सिंह पुरती, तकनीकी सदस्य कन्हैया लाल बुड़ीउली, सुमित सिंकु, प्रशिक्षण केंद्र के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार पड़ेया, तेज नारायण देवगम, शिक्षक सह समाजसेवी सुप्रभात कुसुम देवगम, प्रोफेसर रिंकी दोराई, अमित सिन्हा, रमेश जेराई एवं जानो पुरती सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।








