चक्रधरपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पाण्डेय ने चक्रधरपुर रेल मंडल की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मंडल केवल माल ढुलाई में रिकॉर्ड बनाने पर ध्यान दे रहा है, जबकि यात्री सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
Adityapur Railway Station GM Visit: आदित्यपुर बनेगा अत्याधुनिक सैटेलाइट स्टेशन: जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने परखा विकास कार्यों का दम चक्रधरपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को विस्तार देने के लिए रेलवे ने कसी कमर।
पाण्डेय ने कहा कि डीआरएम द्वारा अपनी उपलब्धियों का बखान करना “अपने मुंह मियां मिट्ठू बनने” जैसा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर रिकॉर्ड की बात की जा रही है, तो सवारी गाड़ियों की देरी, ट्रेनों के रद्द होने, यात्रियों की परेशानी और रेल दुर्घटनाओं में भी मंडल ने “रिकॉर्ड” बनाया है, जिस पर कोई चर्चा नहीं हो रही।
उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों की धीमी गति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे यात्रियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा टाटा से चक्रधरपुर के बीच प्रस्तावित लूप लाइन की समय-सीमा स्पष्ट नहीं होने से लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि रेल मंडल के अधिकारी जनहित की अनदेखी कर रहे हैं और जनता के धैर्य का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रेल मंत्री से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पाण्डेय ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो यात्रियों की समस्याएं और बढ़ सकती हैं, जिससे जनआक्रोश भी बढ़ेगा।







