सेल गुवा अयस्क खान के कर्मी अनूप कुमार नाग ने जीते तीन स्वर्ण पदक

गुवा संवाददाता। 5वीं झारखंड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 13 से 14 दिसंबर तक जमशेदपुर स्थित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सेल गुवा अयस्क खान के कर्मी अनूप कुमार नाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर गुवा का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया।

मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप
मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप

प्रतियोगिता के दौरान अनूप कुमार नाग ने शॉट पुट स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने जेवलिन थ्रो में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं डिस्कस थ्रो में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अनूप कुमार नाग प्रतियोगिता के चैंपियन बने। उन्हें यह सम्मान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के करकमलों से प्रदान किया गया।

उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से सेल गुवा अयस्क खान के कर्मियों सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। अनूप कुमार नाग की सफलता यह संदेश देती है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से किसी भी आयु में बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
उनकी इस उपलब्धि पर सहकर्मियों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।