Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिकारी की पहचान कोबरा के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक के रूप में हुई है। घटना से सुरक्षा बलों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा सारंडा के मरांगपोंगा इलाके में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक घायल हो गए। घटना के बाद साथ मौजूद जवानों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार दिया।
घायल अधिकारी की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, रांची के उच्चस्तरीय अस्पताल में उनका इलाज कराया जाएगा।
इस घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा इस प्रकार के कायराना हमले पहले भी किए जाते रहे हैं, जिनमें कई निर्दोष ग्रामीणों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
http://सारंडा में नक्सली आईईडी ब्लास्ट: कोबरा के दो जवान घायल, बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट







