चाईबासा में भाजपा का विरोध प्रदर्शन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन

चाईबासा भाजपा विरोध प्रदर्शन

चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला इकाई द्वारा गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता बालमुचू ने किया। यह प्रदर्शन पोस्ट ऑफिस चौक पर आयोजित किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।

इस मौके पर गीता बालमुचू ने मुख्यमंत्री के हालिया बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और प्रतियोगी परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं हो रही हैं। इसके कारण छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए मुख्यमंत्री भाजपा पर निराधार आरोप लगा रहे हैं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं। भारत की सांस्कृतिक परंपरा में देवी-देवताओं की आराधना का विशेष महत्व है, ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी करना करोड़ों लोगों की आस्था पर आघात है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि जनता अब सरकार के बहकावे में नहीं आने वाली है और राज्य की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी तथा अधूरे विकास कार्यों के लिए सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री अपना बयान वापस लेकर हिंदू समाज से माफी नहीं मांगते हैं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में हेमंत केसरी, रामानुज शर्मा, प्रताप कटिहार महतो, पवन शर्मा, अक्षय खत्री, रंजन प्रसाद, हर्ष रवानी, जितेंद्र नाथ ओझा, अमित सिंह, जगदीश निषाद, नितिन विश्वकर्मा, जय किशन बिरुली और चंदन पांडे समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चैत्र नवरात्र

Adityapur: आदित्यपुर नगर निगम: चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संभाला कार्यभार,पूजा-अर्चना के साथ हुई नई पारी की शुरुआत, पेयजल संकट दूर करना और निगम को राज्य में अव्वल बनाना है मुख्य लक्ष्य