Chaibasa News : चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष व पार्षदों ने ली शपथ, विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता

Chaibasa Nagar Parishad Oath Ceremony

चाईबासा Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा नगर परिषद और चक्रधरपुर नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्षों एवं वार्ड पार्षदों को शनिवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर दोनों अनुमंडल कार्यालयों में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

चाईबासा अनुमंडल कार्यालय में आयोजित समारोह में उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश और 21 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं चक्रधरपुर अनुमंडल कार्यालय में उपायुक्त ने चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव और 23 वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई। इस दौरान संबंधित सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Chaibasa Nagar Parishad Oath Ceremony

गौरतलब है कि चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में झामुमो समर्थित उम्मीदवार सन्नी उरांव ने 11,331 मत प्राप्त कर जीत हासिल की थी। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजय सिंह गागराई को 10,270 मत मिले थे।

शपथ ग्रहण के बाद सन्नी उरांव ने कहा कि वे चक्रधरपुर के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि शहर के विकास को लेकर एक स्पष्ट विजन तैयार किया गया है और उसी के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

वहीं चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने शपथ लेने के बाद कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों के साथ मिलकर टीमवर्क के जरिए शहर के विकास के लिए काम किया जाएगा। साथ ही नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी प्रणाली तैयार की जाएगी, ताकि लोगों की बात सुनी जा सके और समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *