Saraikela (सरायकेला) : सदर अस्पताल, सरायकेला के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
अस्पताल प्रबंधन का आरोप है कि अध्यक्ष और उनके समर्थकों द्वारा लगातार किए जा रहे अशोभनीय व्यवहार और हस्तक्षेप के कारण अस्पताल में कार्य करना अत्यंत कठिन हो गया है। अस्पताल उपाधीक्षक सहित सभी चिकित्सा पदाधिकारियों और पैरामेडिकल कर्मियों ने संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी), सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी और थाना प्रभारी को सौंपा है।

मुख्य आरोप एवं स्थिति:
• कार्य में बाधा: अध्यक्ष व उनके समर्थकों पर इलाज के दौरान हंगामा करने और डॉक्टरों पर अनुचित मानसिक दबाव बनाने का आरोप है।
• असुरक्षा का माहौल: स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि बार-बार मिलने वाली धमकियों और अभद्र व्यवहार के कारण पूरा स्टाफ भय के साए में काम करने को विवश है।
• हड़ताल की चेतावनी: कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में ऐसी घटना दोहराई गई, तो वे सामूहिक रूप से कार्य ठप कर हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
• स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल परिसर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।







