पूर्वी सिंहभूम: East Singhbhum Child Kidnap Rumor के चलते शुक्रवार को कोवाली थाना क्षेत्र के रुसुनचोपा बस स्टैंड के पास तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बच्चा चोरी की अफवाह के आधार पर स्थानीय लोगों ने एक महिला और एक पुरुष को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने साथ थाना ले गई।
संदेह के आधार पर लोगों ने की पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति इलाके में घूमते हुए दिखाई दिए थे। इसी दौरान कुछ लोगों को उन पर बच्चा चोरी करने का संदेह हुआ। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और दोनों को रोककर पूछताछ करने लगे।
हालांकि दोनों व्यक्ति अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पाए। इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर उनकी पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलने पर कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने खुद को चाईबासा का निवासी बताया है। पुलिस उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे दोनों लोग
पुलिस के अनुसार दोनों व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहे हैं, जिसके कारण वे अपनी पहचान और जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पा रहे थे।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा कर कानून को अपने हाथ में न लें। अगर किसी व्यक्ति पर संदेह हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले भी पोटका प्रखंड के मानपुर पंचायत में इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने कृषि विभाग के एक सर्वेयर को पकड़कर बंधक बना लिया था। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से उन्हें सुरक्षित छुड़ाया गया।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में पुलिस को सूचना देने की अपील की है।







