चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित झींकपानी क्षेत्र में पंडाबिला गाँव में बीती रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। देर रात गांव में घुसे हाथी ने अचानक एक घर पर हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
रांची शहर में घुसा जंगली हाथी, घंटों दहशत के बाद वन विभाग ने सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा
बताया जा रहा है कि घर में खाना खा रहे ग्रामीण चोकरो करवा को हाथी ने पैर से कुचलकर मौके पर ही मार डाला। घटना के वक्त घर में मौजूद अन्य लोग किसी तरह जान बचाकर अंदर के कमरे में भाग गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
हाथी का तांडव यहीं नहीं रुका। उसने गांव के तीन से चार घरों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी काफी देर तक गांव में घूमता रहा और तोड़फोड़ करता रहा, जिसके बाद वह जंगल की ओर लौट गया।
गौरतलब है कि पंडाबिला गांव झींकपानी एसीसी कॉलोनी से सटा हुआ है। इसी इलाके में पिछले दो-तीन दिनों से जंगली हाथी की लगातार गतिविधि देखी जा रही है। कुछ दिन पहले भी हाथी ने रातभर गांव में उत्पात मचाया था।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से तत्काल सुरक्षा उपाय और हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।








