सरायकेला: केंद्र सरकार के 60 प्रतिशत वित्तीय अनुदान से संचालित खरकई लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत कमांड एरिया डेवलपमेंट (MCADWM) को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए जल उपभोक्ता समितियों का विधिवत गठन किया गया।
योजना की कार्यप्रणाली के अनुसार प्रत्येक 5 हेक्टेयर कृषि भूमि पर 1 प्रतिनिधि को शामिल करते हुए कुल 226 प्रतिनिधियों का चयन किया गया, जिनके माध्यम से 17-17 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की गई। इन समितियों का कार्यकाल 3 वर्षों का होगा, जो क्षेत्र में जल वितरण और रखरखाव का कार्य देखेंगी।

ग्राम सभाओं की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता सह राज्य नोडल पदाधिकारी कुमार अरविन्द ने की। वहीं निर्वाचन संचालन का दायित्व खरकई नहर प्रमंडल, आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता ई० दुर्गा चरण मार्डी तथा जिला कृषि पदाधिकारी अमित सुमन ने संयुक्त निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में निभाया।
गम्हरिया क्लस्टर समिति का चुनाव
सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के किसान भवन (गंजिया) में आयोजित बैठक में गम्हरिया अंचल के 10 गांवों—भूवा, उदयपुर, गंजिया, नुवागढ़, बाँसलीकोचा, सामरम, उज्जवलपुर, नयाडीह, तिरला और आदित्यप्रतापपुर—के किसानों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से पर्वती सरदार को अध्यक्ष, बेनी माधव महतो व बुद्धेश्वर गोरई को उपाध्यक्ष, राम कृष्ण महतो को सचिव तथा चिरंदीता सरदार को कोषाध्यक्ष चुना गया।
भीमखांदा जल उपभोक्ता समिति का गठन
जोटा पंचायत भवन में आयोजित सभा में राजनगर अंचल के 11 गांवों—जोटा, संगाजोटा, लिपंगटांड़, भरतपुर, गोपालपुर, मुण्डाकाटी, गेंगरुली, छोटा कुनाबेरा, बड़ा कुनाबेरा, सोसोडीह और चबरबादा—के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस समिति में रुद्र प्रताप अध्यक्ष, जोबा रानी सोरेन व ललिता महतो उपाध्यक्ष, प्रभात कुमार महतो सचिव और रीना रानी मार्डी कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।अधिकारियों ने बताया कि यह ढांचा किसानों को सीधे सिंचाई तंत्र से जोड़कर अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।








