जमशेदपुर: शहर के साकची इलाके में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को विश्वास में लिया और देखते ही देखते लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। ठगों ने महिला की असली चूड़ियों के बदले कागज में नकली चूड़ियां लपेटकर थमा दीं। वारदात में करीब 7 लाख रुपये के सोने के आभूषण की ठगी बताई जा रही है।
सदर अस्पताल में ब्लड दिलाने के नाम पर ₹4700 की ठगी, अगले ही दिन आरोपी गिरफ्तार
घटना 26 अगस्त की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामलीला मैदान के समीप हनुमान मंदिर के पास हुई। बताया गया कि इलाके में रहने वाली मैत्रेयी मजूमदार बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें रोककर कहा कि कोई उन्हें बुला रहा है। महिला जब उसके बताए स्थान पर पहुंचीं, तो वहां दो युवक मिले।
दोनों ने खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा बताते हुए महिला को आभूषण पहनकर चलने में खतरे की बात कही। उनकी बातों से महिला को लगा कि वे वास्तव में पुलिसकर्मी हैं। इसके बाद युवकों ने उनसे सोने की चूड़ियां उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी।
महिला ने जब चूड़ियां उतारीं तो आरोपियों ने चालाकी से उन्हें कागज में रखने की बात कही। इसी दौरान असली चूड़ियां उनके हाथ लग गईं। युवकों ने कागज में कुछ लपेटकर महिला को वापस पकड़ा दिया। महिला को उस समय जरा भी शक नहीं हुआ और वह कागज अपने बैग में रखकर वहां से निकल गईं।
घर लौटने के बाद जब महिला ने कागज खोला तो पूरा मामला सामने आ गया। उसमें सोने की चूड़ियों की जगह नकली चूड़ियां थीं। महिला के मुताबिक, उनके पास कुल छह सोने की चूड़ियां थीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है।
ठगी का एहसास होने के बाद महिला ने साकची थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास कर सकती है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने महिला को पहले से निशाना बनाया था या राह चलते उन्हें अपना शिकार बनाया। घटना के बाद इलाके के लोगों को भी ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
http://चक्रधरपुर में पुलिस बनकर ठगी, रिटायर्ड रेलकर्मी से 5 लाख के सोने के जेवर लेकर फरार








