चाईबासा: रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर हिंदू जागरण मंच की वीरांगना वाहिनी (महिला आयाम) की ओर से गुरुवार को सदर थाना और मुफस्सिल थाना परिसर में राखी उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान वीरांगना वाहिनी की महिलाओं ने पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक अपनत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पुलिस जवानों का मुंह मीठा कराया और उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। वीरांगना वाहिनी की सदस्यों ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपने कर्तव्य पर तैनात रहते हैं और कई बार परिवार से दूर रहकर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ राखी का त्योहार मनाकर उन्हें पारिवारिक अपनत्व का अहसास कराने का प्रयास किया गया।

सदर थाना एवं मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों ने भी वीरांगना वाहिनी की सदस्यों के इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच वीरांगना वाहिनी की नगर संयोजिका सोनी गोपालन, महामंत्री प्रिया गुप्ता, दोलन चटर्जी, सुष्मिता चटर्जी और संगीता तिवारी सहित विवेक गुप्ता मौजूद रहे। वहीं हिंदू जागरण मंच के जिला सह-संयोजक संजय जांगिड़ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
वीरांगना वाहिनी की ओर से कहा गया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। पुलिस जवानों के साथ मनाया गया यह आयोजन इसी सामाजिक भावना को समर्पित रहा।








