गुवा संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुवा सेल महिला समिति की ओर से रविवार देर शाम गुवा सेल क्लब में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। महिला दिवस के उपलक्ष्य में समिति द्वारा कई दिनों तक चलने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत 8 मार्च को रंगोली और अल्पना प्रतियोगिता के साथ हुई। इसके बाद 9 मार्च को मेहंदी और हेयर स्टाइल प्रतियोगिता आयोजित की गई। आगामी दिनों में भी विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 10 मार्च को क्विज प्रतियोगिता, 11 मार्च को डिबेट प्रतियोगिता, 12 मार्च को बैडमिंटन और कैरम बोर्ड प्रतियोगिता तथा 13 मार्च को बास्केटबॉल और गोल्फ प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इसके अलावा 14 मार्च को मटका रेस, म्यूजिकल चेयर और पिंक बॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 16 से 18 मार्च तक क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत 20 मार्च को सिंगिंग प्रतियोगिता, 21 मार्च को डांस प्रतियोगिता तथा 22 मार्च को कुकिंग और चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं के नाम 29 मार्च को घोषित किए जाएंगे और उसी दिन पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार ने कहा कि नारी शक्ति सृष्टि की आधारशिला है। देवी-देवताओं के नाम हों या नदियों के, कई स्थानों पर महिलाओं का नाम अग्रणी रूप में मिलता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समाज में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ महिलाओं को जागरूक और साहसी बनकर आगे आना होगा।
इस अवसर पर महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार, सचिव जयश्री नंदकोलियर, श्वेता सिन्हा, पुष्पा सुमन, कविता देवांगन, गीता आनंद, गीता दास, डॉ. मोनिका भेंगरा, डॉ. पौलोमी सरकार, लिली भांग, बबली मालव, रजनी सुमन, निरुपमा दलाई, सुष्मिता समेत कई महिलाएं उपस्थित थीं।
http://अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: महिलाओं को जागरूक और स्वावलंबी बनने का आह्वान








