Saraikela Kolabira Football Tournament 2026: कोलाबीरा में सजेगा खेल और संस्कृति का मंच: 2026 में 7 लाख के इनामी फुटबॉल महाकुंभ और विराट टुसू मेले का ऐलान
Saraikela (सरायकेला) : आदिवासी तिलका फुटबॉल एसोसिएशन, कोलाबीरा ने वर्ष 2026 के लिए अपने सबसे भव्य आयोजन का बिगुल फूंक दिया है। एसोसिएशन ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि नए साल की शुरुआत में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता और ऐतिहासिक विराट टुसू मेले का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य कार्यक्रम 31 जनवरी, 1 फरवरी और 2 फरवरी 2026 को निर्धारित किया गया है।
फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम को 7,00,000 रुपये (सात लाख) और चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 2.50-2.50 लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस हाई-वोल्टेज टूर्नामेंट में कुल 16 चुनिंदा टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके लिए एंट्री फीस 65,000 रुपये रखी गई है।
सिर्फ खेल ही नहीं, यह आयोजन झारखंड की लोक संस्कृति का भी गवाह बनेगा। फुटबॉल मैच के रोमांच के साथ-साथ पारंपरिक ‘विराट टुसू मेला’ का भी आयोजन होगा। टुसू मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों के लिए भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं, जिसमें प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये, द्वितीय 31,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 21,000 रुपये है।
इस भव्य आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए एक विशेष बैठक आयोजित की गई, यह जानकारी मोहम्मद अख्तर हुसैन और रविंद्र मंडल ने दी। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इस दौरान शक्तिपद सेनापति, मोहम्मद करीम, शिवनंदन किकू, शिशिर महतो, लक्ष्मण महतो, दुलाल दास, साधन महतो, गणेश लोहर, मुखिया घनश्याम हसदा, दुर्गा हो, भारत महतो, अनादी महतो और श्याम नंदन किस्कू सहित एसोसिएशन के सभी सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।