Saraikela (सरायकेला) : देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को सरायकेला-खरसावां जिले में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
जिले के विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक आवास परिसर में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
तिरंगा फहराए जाने के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का यह पर्व हमें एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रहित का संदेश देता है। देश को मजबूत और विकसित बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र सेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।








































http://Saraikela: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फाइनल रिहर्सल, उपायुक्त व एसपी ने लिया जायजा








