चाईबासा : जिले भर की 2167 चापाकल की DMFT से होगी मरम्मती, जिला स्तर पर टास्क फोर्स का होगा गठन

Chaibasa (चाईबासा) : ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत बंद चापाकल की मरम्मती कर जनमानस को पेयजल उपलब्ध करवाने के निमित्त समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में बैठक की गई. इस दौरान उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, कार्यपालक अभियंता- पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चाईबासा व चक्रधरपुर उपस्थित रहे.

बैठक करते उपायुक्त

उपायुक्त के निर्देशानुसार दोनों पेयजल प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के देखरेख में सभी चापाकलों का भौतिक सत्यापन करवाया गया. इस दौरान जिलेभर में विभिन्न वजहों से कुल 2167 बंद चापाकल की सूची तैयार की गई.

इसे भी पढ़ें : उपायुक्त से पेयजल संकट की शिकायत, चापाकल धंसने से बलांडिया के 60 परिवार प्रभावित

बैठक में उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि जिला वासियों को गर्मी के दिनों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध रहे, इस हेतु डीएमएफटी मद से सभी बंद चापाकल की मरम्मती करवाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है. साथ ही चाईबासा एवं चक्रधरपुर पेयजल प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया है कि चापाकल मरमती के उपरांत चापाकल को विशेष रंग से चिन्हित किया जाए, ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा सके कि चापाकल की मरम्मती करवाई गई है. इसके अलावा चापाकल मरमती कार्य का सतत अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर भी विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें : http://चाईबासा: पेयजल के अधीक्षण अभियंता को ग्रामीणों ने चार घंटे तक बनाया बंधक, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू कराने गये थे पदाधिकारी