पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा- शीर्ष अधिकारियों के निरीक्षण से श्रद्धालुओं में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा
आदित्यपुर : दुर्गा पूजा में रविवार रात सरायकेला के उपायुक्त (डीसी) नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी आदित्यपुर पहुंचे।

आदित्यपुर में एसडीपीओ सीओ व थाना प्रभारी ने दुर्गा पूजा वॉच टावर का किया उद्घाटन

अधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए विशेष वॉच टावर पर चढ़कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इसके पश्चात डीसी और एसपी ने प्रवीण सिंह सेवा संस्थान द्वारा निर्मित पूजा पंडाल का सघन भ्रमण कर सुरक्षा का मुआयना किया। इस दौरान आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने मंच पर पुष्पगुच्छ भेंट कर अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया।

पार्किंग व सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर: डीसी व एसपी
निरीक्षण के बाद डीसी नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था समेत पूरे क्षेत्र की विधि-व्यवस्था दुरुस्त की गई है, ताकि दर्शनार्थियों को कोई असुविधा न हो। वहीं, एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लॉ एंड ऑर्डर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और सुरक्षा बलों को हर संवेदनशील बिंदु पर मुस्तैद रखा गया है।
अधिकारियों की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं में गहरा विश्वास: पुरेंद्र नारायण सिंह
स्वागत भाषण में पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि डीसी और एसपी के नेतृत्व में पूरी प्रशासनिक टीम द्वारा पंडालों, पार्किंग और आवागमन के रास्तों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की इस सक्रिय उपस्थिति से पूजा समितियों और श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर गहरा विश्वास कायम हुआ है।
प्रशासनिक अमला व गणमान्य रहे मौजूद
मौके पर एडीसी जयवर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, नगर आयुक्त एजाज अनवर, गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, कार्यपालक अभियंता पंकज व स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. श्वेता कुमारी उपस्थित रहीं। मंच पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव दयाशंकर मिश्र, मनोज पासवान और प्रभास झा मौजूद थे, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समाज विज्ञानी रवींद्र नाथ चौबे ने किया। इस अवसर पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, ट्रैफिक प्रभारी राजू, पुलिस निरीक्षक राजेश सिंह, आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर और शांति समिति के तमाम गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।







