चाईबासा: दुकान में घुसा अनियंत्रित ट्रेलर, दुकानदार घायल; तीन स्कूली बच्चों ने भागकर बचाई जान

अनियंत्रित ट्रक

Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव-जैंतगढ़ मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुड़गांव गांव में साप्ताहिक बाजार के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दुकान के बाहर खड़े तीन स्कूली बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई।

 

चाईबासा के मझगांव-जैंतगढ़ मार्ग पर दुकान में घुसा दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर
चाईबासा के मझगांव-जैंतगढ़ मार्ग पर दुकान में घुसा दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर

Chandil: चांडिल थाना के सामने घटी घटना; अनियंत्रित होकर टैंकर के नीचे फिसली बाइक, मौत

ट्रेलर की टक्कर से दुकान तबाह, साइकिलें भी क्षतिग्रस्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या OD 09 Y 9379 अचानक अनियंत्रित होकर हेमंत कुमार गौंड की दुकान में जा घुसा। टक्कर के कारण दुकान का अगला हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के समय दुकान के बाहर राजा नायक (14 वर्ष), रितिक भुइयां (14 वर्ष) और जिगर भुइयां (13 वर्ष) मौजूद थे।

ट्रेलर को अपनी ओर आता देख तीनों बच्चों ने तुरंत वहां से हटकर अपनी जान बचाई। हालांकि, उनकी साइकिलें ट्रेलर की चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बच्चों के समय रहते हट जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

 

नशे में वाहन चलाने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, यह ट्रेलर ओडिशा के बड़बिल निवासी देवेंद्र पंडित का है और इसे चालक रितिक हेस्सा चला रहा था। बताया गया कि चालक खाली ट्रेलर लेकर अपने ससुराल गुड़गांव आया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चालक ने साप्ताहिक बाजार के दौरान नशा किया था और इसके बाद तेज रफ्तार में जैंतगढ़ की ओर लौट रहा था। इसी दौरान वाहन से उसका नियंत्रण छूट गया और ट्रेलर सीधे दुकान में जा घुसा।

हालांकि, चालक के नशे में होने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मझगांव थाना के एसआई गार्दी सुंडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। घायल दुकानदार और चालक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भेजा गया।

 

पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और चालक पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साप्ताहिक बाजार के दौरान सड़क पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की जरूरत जताई है।

http://चाईबासा : चावल लदा ट्रक हुआ अनियंत्रित, चावल लूट ले गए ग्रामीण, देखें video

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *