गुवा संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और उसके विरोध के बाद स्थानीय युवाओं पर हुए हमले का मामला गंभीर होता जा रहा है। घटना को लेकर भाजपा ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बड़ाजामदा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल से जुड़े लोगों से जानकारी लेने के बाद नोवामुंडी अस्पताल जाकर हमले में घायल युवाओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बड़ाजामदा में आदिवासी महिला और नाबालिग से कथित घटना पर हो समाज महासभाओं ने जताया रोष
छात्रा से कथित दुर्व्यवहार का विरोध करने पर हमले का आरोप
बताया गया कि कुछ युवक बड़ाजामदा स्थित अमन लॉज में किराये पर रह रहे थे। इन्हीं युवकों पर एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी एवं दुर्व्यवहार करने का आरोप सामने आया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय युवाओं ने इसका विरोध किया।
आरोप है कि इसी विरोध के बाद विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी बताया गया है।

बड़कुंवर गागराई ने कहा- पीड़ितों को हर हाल में मिले न्याय
अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भाजपा पीड़ित छात्रा और घायल युवाओं के परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। छात्रा से कथित दुर्व्यवहार और युवाओं पर हुए हमले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जरूरी है।
पूर्व मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाजपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।
इस दौरान भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, भाजपा नेता अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय और अशोक पान सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








