Rajnagar Gas Leak: राजनगर रुंगटा माइंस में गैस रिसाव से दो मजदूर की मौत, एक घायल

सरायकेला: जिले के राजनगर थाना अंतर्गत रुंगटा माइंस में गैस रिसाव से दो मजदूर की मौत हो गई वहीं एक मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना बुधवार सुबह की है. इस घटना में बिहार के वैशाली जिला निवासी विशाल कुमार शर्मा और राहुल कुमार की मौत हो गई जबकि दिनेश राय घायल हो गया है.
मिली जानकारी के अनुसार सभी कंपनी के एक बंद प्लांट में काम कर रहे थे इसी दौरान प्लांट से कार्बनडाई ऑक्साइड गैस लिक होने लगी जिससे वहां काम कर रहे विशाल, राहुल और दिनेश बेहोश हो गए.इधर घटना की सूचना मिलते ही प्रबंधन रेस हुआ और आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए जमशेदपुर के टीएमएच पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल और राहुल को मृत घोषित कर दिया जबकि दिनेश की हालत गंभीर बताई.
प्रबंधन की ओर से मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया. सूचना पाकर मृतकों के परिजन देर रात 2 बजे सड़क मार्ग से शहर पहुंचे. जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि विशाल और राहुल एक ही गांव के रहने वाले थे. दोनों तीन माह पहले काम की तलाश में शहर आए थे. दोनों को रुंगटा माइंस में काम मिला था. बुधवार की सुबह 8 बजे कंपनी वालों ने फोन कर बताया कि गैस रिसाव होने के कारण दोनों बेहोश हो गए पर जब शहर पहुंचे तो पता चला की दोनों की मौत हो गई है. इस मामले में जब टीएमएच में मौजूद कंपनी प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस बारे में कुछ भी बताने से साफ इंकार कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *