Seraikela-Kharsawan PolicePre-cultivation drive: सरायकेला-खरसावां पुलिस का प्री कल्टीवेशन ड्राइव, अफीम की अवैध खेती पर सख्ती

अफीम खेती पर जीरो टॉलरेंस, पुलिस ने शुरू किया जागरूकता अभियान

सरायकेला-खरसावां : जिले में अफीम की अवैध खेती को समाप्त करने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान प्री कल्टीवेशन ड्राइव की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी फसलीय वर्ष में अफीम की खेती की संभावना को कम करना और ग्रामीणों को वैकल्पिक कृषि एवं पशुपालन की ओर प्रेरित करना है।

ये भी पढ़े:-Saraikela Police and Security Forces Joint action: नक्सलियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटक बरामद, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ, एस0एस0बी0 समेत सरायकेला चाईबासा जिला पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई

गुरुवार (11 सितंबर) को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें कुचाई थाना क्षेत्र के सियाडीह, गिलुआ और रोलाहातु गांवों सहित रोलाहातु स्कूल, खरसावां थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार, ईचागढ़ थाना के टीकर गांव और चौका थाना के बलीडीह में ग्रामीणों व विद्यार्थियों को अफीम की खेती से होने वाले दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

थाना प्रभारियों ने स्थानीय भाषा में लोगों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी नुकसानदेह है। उन्होंने ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती जैसे सब्जियों, दलहन, तिलहन उत्पादन के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के तहत पशुपालन की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024-25 में जिले में कुल 678.96 एकड़ भूमि पर अफीम की अवैध खेती को पुलिस ने नष्ट किया था। जिले के कुचाई, खरसावां, कांड्रा, चौका और ईचागढ़ थाना क्षेत्र इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित माने जाते हैं। इसी कारण पुलिस इस बार पहले से ही गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है।

अभियान के तहत पुलिस ने एक विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की है। सितंबर के दूसरे सप्ताह से प्रभावित पंचायतों में थाना प्रभारी, सीओ, बीडीओ, कृषि एवं वन विभाग के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पंचायतवार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। हर सप्ताह पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ स्तर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी।

इसके अलावा, NDPS अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी और धारा 47 के तहत नोटिस भी जारी होंगे। विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में शपथ एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पिछले वर्ष नष्ट की गई जमीनों का सत्यापन किया जाएगा ताकि वहां दोबारा खेती न हो। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी व कुर्की अभियान भी चलाया जाएगा।

सरायकेला-खरसावां पुलिस ने संदेश दिया है कि यदि आगामी फसलीय वर्ष में किसी भी व्यक्ति को अफीम की खेती करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

http://Adityapur Police Double success: आदित्यपुर पुलिस को दोहरी सफ़लता ,सीमेंट कंपनी चोरी समेत सालडीह बस्ती फायरिंग मामले में 5 आरोपी को किया गिरफ्तार