आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित मार्ग संख्या-4 में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 111 सेफ लाइफ अस्पताल के निदेशक एवं गायत्री शिक्षा निकेतन के संस्थापक डॉ. वाइ.पी. आनंद के छोटे पुत्र डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ने गोली मार दी।


गोली पीठ में लगने से डॉ. ओपी आनंद घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल के सचिव सत्य प्रकाश सुधांशु ने किन परिस्थितियों में अपने छोटे भाई पर गोली चलाई, यह फिलहाल जांच का विषय है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में दोनों भाइयों के परिजन, शुभचिंतक और स्थानीय लोग टीएमएच परिसर में एकत्र हो गए।
इधर, वारदात की सूचना मिलने के तुरंत बाद आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। आरआईटी पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।







