ड्यूटी के दौरान नशे में मिले तो पुलिसकर्मियों की जाएगी नौकरी, महिला फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई का आदेश
आदित्यपुर। गम्हरिया थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना और पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को एसपी स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ थाने में पदस्थापित पुलिसकर्मियों से एक-एक कर अलग-अलग पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। जांच के बाद एसपी ने थाने में पदस्थापित नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गठित एसआईटी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
थानों की 24 घंटे निगरानी करेंगे थाना प्रभारी, नशे में मिले तो होगी बर्खास्तगी
गम्हरिया की घटना के बाद एसपी ने जिले की पूरी पुलिस व्यवस्था में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को 24 घंटे थानों की निगरानी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि ड्यूटी के दौरान अथवा थाने में कोई भी पुलिसकर्मी नशे की हालत में पाया गया तो उसके खिलाफ बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारियों को पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, व्यवहार, अनुशासन और कार्यशैली की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। साथ ही थाने में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
महिला फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
एसपी ने महिला शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। महिलाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करने, जरूरत पड़ने पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूछताछ करने और किसी भी महिला को अनावश्यक रूप से थाने में बैठाकर नहीं रखने की हिदायत दी गई है।
शिकायतकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अभद्र टिप्पणी या दबाव बनाने की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के साथ थाना प्रभारी की जवाबदेही भी तय होगी।
अनुशासनहीनता पर थाना प्रभारी भी होंगे जिम्मेदार
एसपी ने रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की निगरानी, ड्यूटी रोस्टर के अनुसार उपस्थिति जांचने और थानों के सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने का निर्देश दिया है। बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।
एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता के साथ उसका व्यवहार भी विभाग की छवि तय करता है। अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के आचरण और अनुशासन के लिए थाना प्रभारी भी सीधे जवाबदेह होंगे।








