आदित्यपुर : शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक स्व. आर. लक्ष्मण राव के स्कूली सहपाठियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दिन्दली स्थित उनके आवास पहुँचकर शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात की।
प्रतिनिधियों ने उनकी माताजी, बड़े भाई, पत्नी, पुत्र एवं पुत्री को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विदित हो कि स्व. राव पेंशन कार्यों के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, सरायकेला के कार्यालय गए थे। वापसी के दौरान स्कूटी से लौटते समय वे सड़क हादसे का शिकार हो गए। गंभीर अवस्था में स्थानीय लोगों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), जमशेदपुर पहुँचाया, जहाँ लगभग 10 दिनों तक कोमा में रहने के बाद 28 अक्टूबर 2026 को उनका निधन हो गया।
हादसे की परिस्थितियां अब तक अस्पष्ट होने पर प्रतिनिधियों ने चिंता जताई। वस्तुस्थिति जानने के लिए एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सरायकेला थाना, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिलेगा। साथ ही, जिला शिक्षा अधीक्षक से संपर्क कर स्व. राव की ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य देय सेवानिवृत्ति लाभ परिवार को शीघ्र दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान डॉ. एस. के. रत्नाकर, मनोज सिंह, राजद के प्रदेश महासचिव बीरेंद्र यादव, टेल्को यूनियन के नेता नरेश चौधरी, श्री सुनील सिंह, भाषण कुमार पंकज, मदन मोहन, शिक्षक अजय प्रकाश, बिनोद कुमार, अजय तिवारी और सुरेश प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने स्व. राव को श्रद्धांजलि दी।








