सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर स्थित होटल मधुबन में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान के नेतृत्व में संपन्न हुई।

इस बैठक में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय उपस्थित रहे। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपई सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला प्रभारी मनोज मिश्रा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार तथा प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह विशेष रूप से मौजूद थे।

बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, सभी मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों, प्रवासी प्रभारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर मंथन हुआ। इसके साथ ही नेताओं ने गम्हरिया थाने में महिला के साथ हुए दुष्कर्म मामले और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर जोरदार प्रहार किया।
’निलंबन ढोंग, दरिंदों को नौकरी से बर्खास्त कर मिले कठोर सजा’: चंपई सोरेन
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने संगठन को बूथ से मंडल स्तर तक तय समय-सीमा के भीतर मजबूत करने का आह्वान किया। गम्हरिया थाने की घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा देने वाले थाने में ही महिला के साथ अनाचार होना राज्य के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “सस्पेंड करना कोई न्याय नहीं है; ऐसे पुलिसकर्मियों को तुरंत सेवा से बर्खास्त कर कड़ी सजा दी जाए।” सोरेन ने आरोप लगाया कि राज्य में शासन-प्रशासन पूरी तरह समाप्त हो चुका है और जंगलराज के हालात बन गए हैं।
’रक्षक बना भक्षक, 15 नवंबर के बाद सड़कों पर उतरेगी जनता’: आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस समर्थित झामुमो सरकार में राज्य हर क्षेत्र में गर्त में चला गया है। उन्होंने कहा कि न्याय मांगने गई पीड़िता के साथ थाना परिसर में दुष्कर्म होना साबित करता है कि रक्षक ही भक्षक बन चुका है। उन्होंने दिल्ली में सत्ता पक्ष के धरने को नाटक करार देते हुए ऐलान किया कि आगामी 15 नवंबर के बाद सरायकेला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत हजारों नागरिक सड़कों पर उतरेंगे।
’जनता त्रस्त, मंत्री भ्रष्टाचार में डूबे’: अर्जुन मुंडा
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य की जनता बदहाल है और गठबंधन के मंत्री व सहयोगी भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की समस्याओं से मुंह मोड़कर नेता दिल्ली में तफरीह कर रहे हैं। मुंडा ने चेतावनी दी कि सरकारी संरक्षण प्राप्त ऐसी निकम्मी व्यवस्था के खिलाफ भाजपा व्यापक जन-आंदोलन छेड़कर इसे उखाड़ फेंकेगी।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील श्रीवास्तव, रमेश हांसदा, पूर्व विधायक अनंत राम टुडू, पूर्व उप महापौर अमित सिंह, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, भूषण मुर्मू, सारथी महतो, वरिष्ठ नेता हरेलाल महतो, खगेंद्र महतो, पूर्व जिला अध्यक्ष रामनाथ महतो, उदय सिंहदेव, विजय महतो, रितिका मुखी, रूपेश वर्मा, ललन शुक्ला, मनोज महतो, अमृतेश अमर, सतीश शर्मा, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, अभिषेक विशाल, किशन प्रधान, अमरेश गोस्वामी, सुमन मुखर्जी, पंकज सिंह, माइकल महतो और बीरेन्द्र सिंह सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
http://जमशेदपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प, जमकर पथराव; दर्जनभर से अधिक घायल








