गम्हरिया थाना पहुंचे एसपी मनोज स्वर्गीयारी, बोले- जांच में नहीं रहेगी कोई कमी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

महिला से दुष्कर्म मामले में घटनास्थल का लिया जायजा, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक; थाने में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी तैयारी

 

Gamgaria (गम्हरिया)। गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ हुई कथित दुष्कर्म की गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में है। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ जांच की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की।

 

 

गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: भाजपा का प्रदर्शन, पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने हेमंत सरकार को घेरा

 

मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि वे पूरे मामले की गहनता से जांच करने और अनुसंधान की स्थिति की समीक्षा करने पहुंचे हैं। जांच में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

एसपी ने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता घटना से जुड़े सभी वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्यों का संकलन करना है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

राजनीतिक दलों और आम लोगों में व्याप्त आक्रोश को लेकर एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यवस्था में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठा रहा है। आने वाले दिनों में सुरक्षा और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

वहीं, प्राथमिकी दर्ज करने में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता शिकायत दर्ज कराने के लिए स्वतंत्र है और शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की है।

थाने में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पर एसपी ने बताया कि वर्तमान में थाना परिसर के कुछ हिस्सों में कैमरे लगे हुए हैं। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

http://गम्हरिया थाना प्रभारी बने इंस्पेक्टर राजेश टुडू, एसपी की सख्त कार्रवाई के बाद संभाली कमान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *