सरायकेला-खरसावां में JHTET 2026: 30 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा जारी, 17,533 अभ्यर्थी हो रहे शामिल

Saraikela/ Adityapur(सरायकेला/आदित्यपुर) : सरायकेला-खरसावां जिले में रविवार, 1 नवंबर को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET) 2026 शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में आयोजित की जा रही है। जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 17,533 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

Chaibasa News: 2016 के बाद नही हुआ जेटेट परीक्षा, विधायक से मिले B.ed और D.E.L.ED के उत्तीर्ण अभ्यर्थी

प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में 11,086 और द्वितीय पाली में 6,447 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

डीसी और एसपी के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

आदित्यपुर स्थित शिक्षा निकेतन स्कूल सहित जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। केंद्रों पर प्रतिनियुक्त वीक्षक भी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था पर भी प्रशासन की नजर

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। औद्योगिक संस्थानों और भारी वाहनों के आवागमन पर आवश्यक नियंत्रण रखा गया है, ताकि परीक्षा के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

केंद्रों के बाहर अभिभावकों की मौजूदगी और अंदर सख्त अनुशासन के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परीक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

फिलहाल जिले के सभी 30 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहने की सूचना है।

http://TET Discrepancy Jharkhand Para Teachers : टेट विसंगति का समाधान नहीं, डेढ़ साल से न्याय की आस में 2500 पारा शिक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *