आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरूडीह साप्ताहिक हाट में रविवार देर शाम एक महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी 32 वर्षीय राधिका सेवैयाँ, पति गुलशन सेवैयाँ के रूप में हुई है।
आदित्यपुर : रंगदारी मांगने के आरोप में 5 अपराधी गिरफ्तार, झूठी साजिश रचकर पुलिस को गुमराह करने की
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम मिरूडीह साप्ताहिक हाट में महिला गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही आरआईटी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारी सब-इंस्पेक्टर संजीत कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान उन्हें मिरूडीह इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को घायल किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे TMH रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हमलावर की पहचान में जुटी पुलिस
महिला पर चाकू से हमला किसने और किस वजह से किया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मिरूडीह साप्ताहिक हाट में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राधिका राजनगर के गोविंदपुर से मिरूडीह किसके साथ पहुंची थी और घटना से पहले किन लोगों के संपर्क में थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
http://आदित्यपुर में विवाहिता पिंकी की संदिग्ध मौत: मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप, शव लेकर अपार्टमेंट पहुंचे परिजनों ने काटा बवाल







