Adityapur: सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लेकर वार्ड 9 में कल विशेष वार्ड सभा, पार्षद दुर्गा चरण बेसरा ने ग्रामीणों को किया आमंत्रित

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 अंतर्गत मीरुडीह कार्यालय में सोमवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वार्ड 9 के पार्षद दुर्गा चरण बेसरा ने बताया कि क्षेत्र में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (कचड़ा) प्लांट को लेकर ग्रामीणों में भारी असंतोष और आपत्ति है। इसी मुद्दे पर आम सहमति बनाने और प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाने के लिए 3 नवंबर को न्यू फिल्टर प्लांट फुटबॉल मैदान (सीतारामपुर) में एक विशेष वार्ड सभा बुलाई गई है।

पार्षद दुर्गा चरण बेसरा ने कहा कि बीती 28 अक्टूबर को भी ग्रामीणों ने इस कचड़ा प्लांट के प्रति अपना कड़ा विरोध जताया था। उन्होंने कहा कि जनता की भावना और पर्यावरण की रक्षा सर्वोपरि है। वार्ड सभा के जरिए ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच सीधा समन्वय स्थापित किया जाएगा। ग्रामीण अपनी लिखित व मौखिक आपत्ति और सुझाव दर्ज कराएंगे, जिसे संकलित कर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन को विधिवत सौंपा जाएगा ताकि जनहित की अनदेखी न हो।

प्रेस वार्ता में उपस्थित पूर्व मेयर प्रत्याशी रबिन्द्र बास्के ने लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “यह हमारे क्षेत्र के भविष्य और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। 3 नवंबर को आयोजित होने वाली वार्ड सभा में मीरुडीह, सीतारामपुर, मुरुगुटू, धीराजगंज और आसपास के सभी ग्रामीण अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और लोकतांत्रिक तरीके से अपना पक्ष रखें। सभा में जो निर्णय सर्वसम्मति से लिया जाएगा, वही आगे की रणनीति तय करेगा। नगर आयुक्त एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसमें शामिल रहने के लिए कहा गया है।“

इस मौके पर बुधराम बेसरा, मीरुडीह मांझी बाबा संथाल टुडू, गुरुचरण मार्डी, कमल नयन महतो, रंजीत कुमार महतो, प्रकाश महतो, मुंशी हांसदा, कान्हू मुर्मु और हेमेंद्र महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *